धूमधाम से मनाई गई भगवान परशुराम जयंती
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।जनपद के घुघली उपनगर में स्थित डी.ए.वी. नारंग इंटर कॉलेज में भगवान परशुराम की जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य एवं वरिष्ठ नागरिक बतौर अतिथि उपस्थित रहे।
विद्यालय परिसर के हाल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए विष्णुदेव उपाध्याय ने कहा कि भगवान परशुराम का जन्मोत्सव साहस, धर्म की रक्षा और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार माने जाते हैं और उनके जीवन से हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा मिलती है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान परशुराम का जन्म महर्षि जमदग्नि और माता रेणुका के यहां वैशाख शुक्ल तृतीया को हुआ था। माना जाता है कि उनका जन्म मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के मानपुर स्थित जानापाव पर्वत पर हुआ था, जो आज भी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया और उनके जीवन से प्रेरणा लेने पर जोर दिया।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR