शादी समारोह में करंट से 9 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जिले के पनियरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सोमवार रात ग्राम पंचायत कामता बुजुर्ग निवासी 9 वर्षीय आदित्य मौर्य की जनरेटर के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपनी बुआ की शादी में शामिल होने रसूलपुर टोले गया हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात अभी नहीं पहुंची थी। इसी दौरान आदित्य अन्य बच्चों के साथ घर के पास खड़ी एक ट्रॉली के पास खेल रहा था। खेलते समय वह पास में लगे जनरेटर के संपर्क में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे के बाद परिजन उसे तुरंत परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे गोरखपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। आदित्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं- सुनैना (करीब 11 वर्ष) और सरस्वती (लगभग 7 वर्ष)। बेटे की असमय मौत से मां रीना देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा इंतजाम
शादी समारोह में खुले में रखे जनरेटर और सुरक्षा के अभाव ने एक मासूम की जान ले ली। यह घटना ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR