फर्जी आधार कार्ड बनाकर कर्ज दिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फर्जी आधार कार्ड बनाकर लोगों को फाइनेंस कंपनियों से कर्ज दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को मंगलवार को कुशीनगर के हाटा बाजार से पकड़ा गया, जिसके बाद न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरखपुर जनपद के खोराबार थाना क्षेत्र के भैसहवा ढोढरा घाटी पासी टोला निवासी विश्व दमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने पॉलिटेक्निक से इलेक्ट्रॉनिक्स शाखा में पढ़ाई की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने तकनीकी जानकारी का गलत इस्तेमाल करते हुए फर्जी आधार कार्ड बनाने का तरीका सीख लिया और लोगों को ठगना शुरू कर दिया।
10 हजार रुपये का इनामी था आरोपी
यह मामला 15 अक्टूबर को पुरंदरपुर थाने में दर्ज किया गया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) भी जारी किया गया था। पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
ऐसे देता था ठगी को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले लोगों को अपने झांसे में लेता था और फाइनेंस कंपनियों से आसानी से कर्ज दिलाने का भरोसा देता था। इसके बाद वह फर्जी आधार कार्ड तैयार कर कर्ज दिलवाने की प्रक्रिया शुरू करता और कर्ज की राशि के अनुपात में मोटी रकम वसूलता था।
जेल भेजा गया आरोपी
पुरंदरपुर थाने की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुशीनगर के हाटा बाजार से गिरफ्तार किया। उप निरीक्षक सर्वदेव खरवार ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।फिलहाल पुलिस इस पूरे गिरोह और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच में जुटी हुई है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR