अवैध शराब का विरोध पड़ा भारी: खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर घायल
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी बाजार के घुरुकटोलिया टोला में अवैध कच्ची शराब की बिक्री को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक ही परिवार के तीन लोग धारदार हथियारों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में लंबे समय से अवैध कच्ची शराब का कारोबार संचालित हो रहा था। आरोप है कि इस कारोबार के चलते असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे स्थानीय लोग परेशान थे।
घटना के समय तिलेसरा अपने घर पर मौजूद थी। इसी दौरान पास में शराब के नशे में कुछ लोग गाली-गलौज और शोर-शराबा कर रहे थे। तिलेसरा द्वारा इसका विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कोयल नामक व्यक्ति ने 8 से 10 साथियों के साथ मिलकर तिलेसरा के परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में तिलेसरा (42 वर्ष) को बचाने पहुंचे उनके पति मंगरू (48 वर्ष) और 18 वर्षीय पुत्री को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया। तीनों को ग्रामीणों की मदद से तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की अपील की है।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR