महेशपुरा में फसलों में उर्वरकों के संतुलित प्रयोग पर जागरूकता अभियान आयोजित
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
ललितपुर। विकास खंड बिरधा के ग्राम महेशपुरा में फसलों में उर्वरकों के संतुलित प्रयोग विषय पर विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा के अंतर्गत संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र, ललितपुर द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व केंद्राध्यक्ष डॉ. मुकेश चंद ने किया। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक किसान को अपने खेत की मिट्टी की जांच अवश्य करानी चाहिए और उसी के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार मानव भोजन में संतुलन आवश्यक है, उसी प्रकार फसलों के लिए भी सभी पोषक तत्वों का संतुलन बेहद जरूरी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता से अधिक उर्वरकों के प्रयोग से खेती की लागत बढ़ती है और मृदा की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। मृदा में पौधों के लिए आवश्यक 17 पोषक तत्वों—जैसे नत्रजन, फास्फोरस, पोटाश, सल्फर, कैल्शियम एवं मैग्नीशियम—का संतुलित होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में विषय वस्तु विशेषज्ञ (सस्य विज्ञान) डॉ. दिनेश तिवारी ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में जनपद ललितपुर के किसानों ने आवश्यकता से अधिक 30073 मीट्रिक टन डीएपी/टीएसपी/एमएपी उर्वरकों का उपयोग किया, जिससे मृदा में पोषक तत्वों का असंतुलन बढ़ा है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे मृदा परीक्षण और वैज्ञानिक सिफारिशों के आधार पर एनपीके कॉम्प्लेक्स एवं एसएसपी उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करें।
किसानों को हरी खाद (ढैंचा), जैव उर्वरक (राइजोबियम, पीएसबी), गोबर की सड़ी खाद, केंचुआ खाद एवं नाडेप खाद के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि उर्वरकों का प्रयोग सही मात्रा, सही समय और सही विधि से किया जाना चाहिए, जिससे उत्पादन बढ़े और लागत कम हो।
कार्यक्रम में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। किसानों को पशुओं के गोबर, मूत्र एवं कृषि अवशेषों से गुणवत्तायुक्त खाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम महेशपुरा के सुजान, भरत सिंह, देव सिंह, गीता बाई, पमा बाई सहित 20 से अधिक प्रगतिशील किसान एवं महिला कृषकों ने भाग लेकर जानकारी प्राप्त की।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR