कुशीनगर: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सुनीं जनसमस्याएं, बंद बीज केंद्र को शुरू करने के निर्देश

 कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सुनीं जनसमस्याएं, बंद बीज केंद्र को शुरू करने के निर्देश

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो

कुशीनगर। जनपद के कसया तहसील अंतर्गत सपहा और पडरौना ब्लॉक के सखवनिया में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

सपहा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। स्थानीय किसानों ने लंबे समय से बंद पड़े राजकीय कृषि बीज वितरण केंद्र को पुनः शुरू कराने की मांग उठाई। इस पर मंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए डीडीआर (कृषि) और जिला कृषि अधिकारी को फोन कर केंद्र की मरम्मत कराकर कर्मचारी तैनात करने और इसे जल्द चालू कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने क्षेत्र में गेहूं खरीद व्यवस्था का भी जायजा लिया और नौगावां सहकारी समिति के नए भवन के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा। वहीं, जनसंवाद के दौरान नगरवासियों ने आवास योजना का लाभ न मिलने की समस्या रखी, जिस पर मंत्री ने पात्र लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी।

इसके अलावा उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधि को सपहा चौराहे की विद्युत व्यवस्था सुधारने, जर्जर बिजली खंभों को बदलने और चौराहे के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।

सखवनिया में गेहूं खरीद पर सख्ती
सखवनिया में ग्रामीणों ने शिवपुर केंद्र पर गेहूं खरीद न होने की शिकायत की। इस पर मंत्री ने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर तत्काल खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ