लू को लेकर, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
पडरौना, कुशीनगर। जनपद में बढ़ती गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए कृषि विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए मौसम आधारित कृषि परामर्श जारी किया है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और वर्षा की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
जारी परामर्श के अनुसार 22 और 23 अप्रैल को लू का प्रकोप रहेगा, जबकि 24 से 26 अप्रैल के बीच भी तेज गर्मी बनी रहेगी। हवा की गति 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि गेहूं की कटाई और मड़ाई सुबह या शाम के समय ही करें तथा दोपहर के समय खेत में कार्य करने से बचें। कटी हुई फसल को अधिक समय तक धूप में न रखें और उसे ढककर सुरक्षित रखें। दलहन और तिलहन फसलों के भंडारण से पहले उन्हें अच्छी तरह सुखाने और नमी से बचाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
ग्रीष्मकालीन फसलों जैसे मक्का, मूंग और सब्जियों की सिंचाई सुबह या शाम के समय करने तथा हल्की लेकिन बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। खेतों में नमी बनाए रखने के लिए सूखी घास या पुआल का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है। सब्जियों की फसलों को तेज धूप से बचाने के लिए हल्का आवरण लगाने और आवश्यकतानुसार छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
पशुपालकों को निर्देशित किया गया है कि वे पशुओं को छायादार स्थान पर रखें, दिन में दो से तीन बार स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएं तथा हरा चारा सुबह या शाम को ही दें। लू से बचाव के लिए पानी का छिड़काव करने की भी सलाह दी गई है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे लू के दौरान खेत में लंबे समय तक कार्य न करें, सिर ढककर रखें और पर्याप्त पानी का सेवन करें। साथ ही श्रमिकों के लिए छाया, पेयजल और आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR