कस्तूरबा विद्यालय में दर्दनाक हादसाः विषैले जीव के काटने से छात्रा की मौत, व्यवस्था पर उठे सवाल
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । फरेंदा थाना क्षेत्र स्थित
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, खजूरिया में एक छात्रा की विषैले जीव के काटने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा विद्यालय परिसर में लगे हैंडपंप से पानी भर रही थी, तभी अचानक किसी विषैले जीव ने उसके पैर की उंगली में काट लिया। शुरुआत में घटना सामान्य प्रतीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने लगे और गला सूखने जैसी गंभीर लक्षण दिखाई दिए, जिससे उसकी हालत तेजी से खराब हो गई।
स्थिति गंभीर होते ही विद्यालय स्टाफ ने छात्रा को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद विद्यालय में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की उपलब्धता, स्टाफ की तत्परता और समय पर समुचित इलाज मिलने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। यदि समय रहते उचित उपचार मिलता, तो शायद छात्रा की जान बचाई जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल, प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR