टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत किसी कारणवश छात्रवृत्ति से वंचित रह गए पात्र अभ्यर्थियों को अब दोबारा अवसर दिया जाएगा। समाज कल्याण विभाग जल्द ही पोर्टल पुनः खोलेगा, जिससे छूटे हुए छात्रों को योजना का लाभ मिल सके।
यह निर्णय समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देशानुसार लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कोई भी पात्र छात्र केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित नहीं रहेगा। पोर्टल दोबारा खोलकर सभी पात्र छात्रों को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार तकनीकी कारणों से नेशनल इंफॉर्मेटिक सेंटर (NIC) द्वारा मास्टर फीस प्रोसेस नहीं हो पाने के कारण कई छात्रों की छात्रवृत्ति प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी थी। विभाग द्वारा इस समस्या के समाधान की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही पोर्टल पुनः खोला जाएगा।जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पांडेय ने बताया कि पूर्व में भी इस प्रकार की स्थिति में पोर्टल पुनः खोलकर छात्रों को लाभान्वित किया गया था। वित्तीय वर्ष 2024-25 में दोबारा पोर्टल खुलने पर 1035 से अधिक छात्रों को कुल 125.59 लाख रुपये की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की गई थी।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR