हाटा में जनगणना प्रशिक्षण के दौरान बड़ी लापरवाही

कूड़ा ढोने वाली गाड़ी से पहुंचा भोजन, शिक्षकों ने किया विरोध

टाईम्स आफ  कुशीनगर व्यूरों

सुकरौली (कुशीनगर)। जनगणना प्रशिक्षण के दौरान उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए भोजन कूड़ा ढोने वाली गाड़ी से पहुंचाया गया। इस घटना से नाराज कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताते हुए भोजन लेने से इंकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार हाटा क्षेत्र में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण कार्यशाला में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल हुए थे। दोपहर के भोजन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी, लेकिन जब भोजन स्थल पर कूड़ा उठाने वाली गाड़ी से खाने के पैकेट पहुंचाए गए, तो वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया।

कर्मचारियों का कहना था कि इस तरह की व्यवस्था उनके सम्मान के खिलाफ है और इससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने इसे प्रशासन की गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

विरोध बढ़ने पर मौके पर नायब तहसीलदार पहुंचे और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराई जाएगी और व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थिति तो शांत हो गई, लेकिन अधिकांश कर्मचारियों ने भोजन ग्रहण करने से इंकार कर दिया।

इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ