🟢 पडरौना नगर पालिका बोर्ड बैठक संपन्न, 27 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों पर मुहर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो |
पडरौना। नगरपालिका परिषद पडरौना की बोर्ड बैठक आज कार्यालय सभागार में सकुशल संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक के दौरान उपसमितियों के गठन की मांग पर विचार करते हुए पथप्रकाश समिति, सफाई समिति और पेयजल समिति का गठन सर्वसम्मति से किया गया। अधिशासी अधिकारी संतराम सरोज ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इससे नगर के विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।
विकास कार्यों की बात करें तो नगर के सभी वार्डों में 20 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए 5 करोड़ रुपये तथा पेयजल व्यवस्था के लिए 2 करोड़ रुपये का बजट भी पास किया गया।
पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में बरसात से पहले सभी बड़े नालों की तलहटी की सफाई, मच्छरों से बचाव हेतु एंटीलार्वा दवाओं के छिड़काव तथा भीषण गर्मी को देखते हुए सभी आरओ वॉटर प्लांट की मरम्मत से संबंधित प्रस्ताव भी पारित हुए।
पालिकाध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि “विकसित निकाय के लक्ष्य के साथ ही विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के विजन को साकार किया जाएगा।” उन्होंने नगर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए ई-गवर्नेंस, चौराहों का सुंदरीकरण, नए पार्कों का निर्माण, बेहतर जल निकासी, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। साथ ही मुख्य मार्गों पर फलदार और छायादार वृक्षारोपण को भी प्राथमिकता बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि इस संबंध में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को डीपीआर प्रस्तुत की जा चुकी है। शासन से धन स्वीकृत होते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में सभासद प्रवीण कुमार सिंह, गीता देवी, कमलावती देवी, शहनाज, मुन्नी तिवारी, प्रमिला शाही सहित ईओ संतराम सरोज, कर अधीक्षक हरिश्चंद्र, कर निरीक्षक रवि प्रताप सिंह, अधिष्ठान लिपिक रियाजउद्दीन, लेखाकार महेंद्र चौधरी, निर्माण लिपिक राजकुमार समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR