नेपाल बस हादसाः मृतकों के परिजनों से मिले विधायक, घायलों का जाना हाल

 नेपाल बस हादसाः मृतकों के परिजनों से मिले विधायक, घायलों का जाना हाल

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज। जनपद के सेमरा ग्राम सभा से 23 अप्रैल को नेपाल के प्युठान (पीयूछन) जिले में धार्मिक यात्रा पर गए श्रद्धालुओं से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में एक महिला और एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए थे। घायलों को तत्काल प्रशासन की मदद से गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। इसी क्रम में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को समुचित इलाज के निर्देश दिए।

शनिवार को विधायक जय मंगल कन्नौजिया सेमरा राजा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

विधायक ने उन घायलों से भी मुलाकात की, जो उपचार के बाद अपने घर लौट आए हैं। उन्होंने प्रीति, शिवांश, अंकित, नरेश और सल्हंता देवी समेत अन्य घायलों का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान कोटेदार अरविंद की गंभीर स्थिति का भी उल्लेख हुआ, जिनके ऊपर हादसे के दौरान बस का पहिया चढ़ गया था और कमर में गंभीर चोट आई है। विधायक ने जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों से वार्ता कर उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

गांव में विधायक के पहुंचने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। माहौल गमगीन रहा और लोग अब भी हादसे से स्तब्ध नजर आए। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर घायलों के परिजनों से की मुलाकात ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ