गांव के लाल अरविंद गुप्ता बने PCS अधिकारी, स्कूल में हुआ भव्य सम्मान

अरविंद गुप्ता बने PCS अधिकारी, स्कूल में हुआ भव्य सम्मान

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज। जनपद के पुरैनाखंडीचौरा स्थित सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज के लिए सोमवार का दिन गर्व और उत्साह से भरा रहा। इसी विद्यालय के पूर्व छात्र अरविंद कुमार गुप्ता ने पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

अरविंद गुप्ता की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस मौके पर विद्यालय परिसर में प्रार्थना सभा के दौरान भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने अरविंद गुप्ता की सफलता को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अरविंद को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

सम्मान समारोह में अरविंद गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। साथ ही उन्होंने छात्राओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।

इससे पहले ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने उनके आवास पर पहुंचकर भी उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गूंज और उत्साह का माहौल बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ