76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों

देवरिया। जनपद की 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती के लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्राम सचिवालयों का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है, जहां जन सेवा केंद्रों के जरिए ग्रामीणों को आय, जाति, निवास सहित करीब 280 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) की ऑनलाइन फीडिंग में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।


जिलाधिकारी ने बताया कि कई स्थानों पर पंचायत सहायकों के त्यागपत्र देने अथवा अनुपस्थित रहने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए चयन प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे ग्राम सचिवालयों की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 मई तक आवेदन पत्र ग्राम पंचायत, विकास खंड कार्यालय एवं जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। 6 से 11 मई तक प्राप्त आवेदन संबंधित ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके बाद 12 से 19 मई के बीच मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति से अनुमोदन कराया जाएगा और विकास खंड व जिला स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। 20 से 26 मई तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा परीक्षण किया जाएगा। अंततः 27 से 29 मई तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से संबंधित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाए।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ