सभी विकास खंडों में 28 अप्रैल से दिव्यांगजनों के चिन्हांकन हेतु विशेष शिविर,


28 अप्रैल से दिव्यांगजनों के चिन्हांकन हेतु विशेष शिविर, सभी विकास खंडों में मिलेगा योजनाओं का लाभ

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों

देवरिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जनपद के सभी विकास खंडों में विशेष चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ना एवं उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इन शिविरों में ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्मार्ट केन सहित अन्य कृत्रिम अंगों एवं सहायक उपकरणों के लिए पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया जाएगा। साथ ही शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना, दिव्यांग पेंशन, दुकान निर्माण/संचालन योजना तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए कॉक्लियर इम्प्लांट हेतु भी लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।


यह विशेष शिविर 28 अप्रैल से 30 मई 2026 तक जनपद के विभिन्न विकास खंडों में आयोजित होंगे। प्रत्येक शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अप्रैल को गौरीबाजार, 29 अप्रैल को भटनी, 2 मई को रुद्रपुर, 4 मई को बरहज, 5 मई को भागलपुर, 12 मई को बनकटा, 13 मई को सलेमपुर, 14 मई को भटपाररानी, 15 मई को पथरदेवा, 16 मई को लार, 19 मई को देवरिया सदर, 20 मई को बनकटा, 23 मई को रामपुर कारखाना, 26 मई को देसही देवरिया, 29 मई को तरकुलवा तथा 30 मई को पथरदेवा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे दिव्यांगजन, जिन्हें पिछले तीन वर्षों में किसी योजना या सहायक उपकरण का लाभ नहीं मिला है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। शिविर में आने वाले लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र की प्रति एवं एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को इन योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही शिविर स्थलों पर बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ