उपयुक्त भवन की तलाश में जुटा विभाग, इच्छुक स्वामियों से आवेदन आमंत्रित
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो
देवरिया। नगर पालिका क्षेत्र देवरिया में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए डे-केयर सेंटर की स्थापना की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा इस केंद्र के संचालन के लिए उपयुक्त भवन की तलाश की जा रही है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित डे-केयर सेंटर के लिए ऐसे भवन की आवश्यकता है, जिसमें कम से कम 7 कक्ष हों। प्रत्येक कक्ष का क्षेत्रफल लगभग 200 से 250 वर्ग फीट तथा कुल कारपेट एरिया करीब 3000 वर्ग फीट होना चाहिए। इसके साथ ही भवन का भूतल पर स्थित होना अनिवार्य रखा गया है, ताकि दिव्यांगजनों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विभाग ने नगर पालिका क्षेत्र के ऐसे भवन स्वामियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिनके पास निर्धारित मानकों के अनुरूप भवन उपलब्ध है। इच्छुक आवेदक अपना आवेदन जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, विकास भवन (कक्ष संख्या-17) में तीन दिनों के भीतर जमा कर सकते हैं।
प्राप्त आवेदनों की जांच के उपरांत नियमानुसार किराया निर्धारित करते हुए चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि इस पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों को बेहतर देखभाल, प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR