बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और कदम: 17 छात्राओं को साइकिल वितरण

 बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और कदम: 17 छात्राओं को साइकिल वितरण

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। बालिका शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा एक सराहनीय पहल के तहत 17 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। यह कार्यक्रम पडरौना स्थित होटल शिवराम पैलेस में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जनजाति बालिका यूनिफार्म एवं साइकिल योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा पडरौना के मा० विधायक मनीष जायसवाल ने अपने करकमलों से छात्राओं को साइकिल वितरित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार “पढ़ेंगी बेटियां, बढ़ेंगी बेटियां” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण एवं बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जो वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं—छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जनजाति बालिका यूनिफार्म एवं साइकिल योजना, सामूहिक विवाह योजना, धरती आभा योजना एवं जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ते हुए आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम में छात्राओं के अभिभावक, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि, अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ