मिशन शक्ति फेज-05 के तहत महिला सशक्तिकरण व जनजागरूकता कार्यक्रम संपन्न

 मिशन शक्ति फेज-05 के तहत महिला सशक्तिकरण व जनजागरूकता कार्यक्रम संपन्न

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने हेतु संचालित “मिशन शक्ति (फेज-05)” के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य पिछड़ा वर्ग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में “अनंता कार्यक्रम” एवं “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” का आयोजन किया गया।

इस दौरान समाज कल्याण, गृह, खेल, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, बाल विकास पुष्टाहार, चिकित्सा एवं शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 40 महिलाओं को अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।


“हक की बात जिलाधिकारी के साथ” 

कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया तथा उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। साथ ही छात्राओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उपस्थित महिलाओं एवं छात्राओं को जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए। वहीं पुलिस विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह, परियोजना कोऑर्डिनेटर अभिषेक सिंह, मानस मिश्रा, काउंसलर श्रीमती रीता यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ