प्रश्न एवं सन्दर्भ समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, पारदर्शिता व गुणवत्ता पर विशेष जोर

प्रश्न एवं सन्दर्भ समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न, 

पारदर्शिता व गुणवत्ता पर विशेष जोर

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की “प्रश्न एवं सन्दर्भ समिति” के सभापति  ध्रुव कुमार त्रिपाठी के सभापतित्व में आज विकास भवन सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में देवरिया एवं कुशीनगर जनपद के विभिन्न विभागों की प्रगति एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।


बैठक में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, जिलाधिकारी देवरिया दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया/कुशीनगर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम्य विकास, विद्युत, परिवहन, आबकारी, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति पर विभागवार चर्चा की गई।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की मान्यता, शुल्क नियंत्रण, मिड-डे-मील व्यवस्था, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सहित शिक्षकों की तैनाती की स्थिति की समीक्षा की गई। समिति ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा सर्व शिक्षा अभियान के तहत जागरूकता रैलियां निकालकर नामांकन को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही निजी विद्यालयों की जांच कर एक माह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

Right to Education Act (RTE) के तहत विद्यालयों में फीस एवं आवश्यक सूचनाएं सूचना पट्ट पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मेडिकल कॉलेज, सीएचसी एवं पीएचसी में रिक्त पदों, दवाओं की उपलब्धता एवं जांच सुविधाओं पर चर्चा हुई। समिति ने चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

आबकारी विभाग की समीक्षा में विद्यालयों के आसपास मदिरा दुकानों की स्थिति एवं अवैध शराब पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।लोक निर्माण विभाग (PWD) की समीक्षा में लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा विद्यालयों के संपर्क मार्गों को पीच मार्ग से जोड़ने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं शिक्षकों के सभी देयकों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर समय से किया जाए। मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने तथा संविदा पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति पर भी जोर दिया गया।

 


अंत में जिलाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समिति द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और इसकी अनुपालन आख्या समय पर प्रस्तुत की जाएगी। बैठक शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ