नौगांवा गांव में पोखरी सफाई व नाली निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद के खड्डा विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा नौगांवा में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर समस्या उठाई है। गांव निवासी दुर्विजय प्रजापति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए गांव की पोखरी संख्या 284 की सफाई एवं नाली निर्माण की मांग की है।
शिकायतकर्ता दुर्विजय प्रजापति का कहना है कि उक्त पोखरी की सफाई और नाली निर्माण की मांग पिछले लगभग 15 वर्षों से लंबित है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वर्तमान में पोखरी कचरे के ढेर में तब्दील हो चुकी है, जिससे जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में नाली व्यवस्था न होने के कारण सड़कों और घरों के आसपास गंदा पानी जमा रहता है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बरसात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब पूरा क्षेत्र जलभराव की चपेट में आ जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ। सफाई व्यवस्था की लापरवाही के कारण गांव में गंदगी का माहौल बना हुआ है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें गंदे पानी और कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ता है। इससे बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देशित कर पोखरी की सफाई एवं नाली निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि गांव को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR