टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जनपद देवरिया में अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई जाएगी।
जारी आदेश के मुताबिक 5 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ अधिवक्ता विजयेंद्र सिंह, निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर, तहसील बरहज की मृत्यु के संबंध में थाना बरहज में मुकदमा अपराध संख्या 107/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस पंजीकृत कर जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए मृत्यु के कारणों की स्पष्टता के लिए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि जांच अधिकारी प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों का संकलन करते हुए स्थल निरीक्षण एवं अभिलेखीय जांच कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। साथ ही तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन ने इस मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR