लखनऊ उत्तर प्रदेश में लड़कियों को मोबाइल फोन पर परेशान करने वालों को लेकर पुलिस  लगाम लगाने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1010 की सेवा शुरू करने जा रही है।

 उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) बद्री प्रसाद सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि आए दिन महिलाओं और लड़कियों को फोन पर परेशान करने की शिकायतों को देखते हुए यह योजना तैयार की गई है।

पीडि़त लड़की या महिला टोल फ्री नम्बर 1010 पर शिकायत कर सकती है। इस सेवा के लिए महिला कांस्टेबल की तैनाती होगी, जो शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखेगी। 

उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी को पहले तो सुधरने का एक मौका देगी और फिर ऐसा नहीं करने की हिदायत देगी। सप्ताह भर बाद महिला कांस्टेबल पीडि़ता से फीडबैक लेगी कि अब उसके मोबाइल पर इस तरह की कॉल तो नहीं आ रही है।

यदि उसे परेशान करने का सिलसिला बना रहा तो पुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपी का फोन रिकॉर्ड कर उसे गिरफ्तार करेगी।

 सिंह ने बताया कि अभी प्रयोग के तौर पर बहुत जल्द यह सुविधा केवल लखनऊ परिक्षेत्र में शुरू की जा रही है। इसके बाद यह सेवा पूरे प्रदेश में लागू होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए आधुनिक उपकरण और संसाधन भी खरीदे गए हैं।