छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों के लिए बड़ी राहत,

छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों के लिए बड़ी राहत, 19 सितंबर तक पूरा होगा सत्यापन और आवेदन अग्रसारण

महराजगंज में दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों के लिए संशोधित समय-सारिणी जारी, लंबित और त्रुटिपूर्ण आवेदनों में सुधार का मौका

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। शिक्षण संस्थानों से आवेदन अग्रसारित न होने, पीएफएमएस से आवेदन निरस्त होने सहित अन्य कारणों से छात्रवृत्ति का लाभ नहीं पा सके अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को लाभ दिलाने के लिए शासन ने संशोधित समय-सारिणी जारी की है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव ने जनपद में दशमोत्तर कक्षाएं संचालित करने वाले सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्धारित समयावधि में संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।


संशोधित समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार एवं अद्यतन करने का कार्य 1 से 7 सितंबर तक किया जाएगा। विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध संस्था द्वारा फीस एवं अन्य विवरणों का सत्यापन 2 से 8 सितंबर तक किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा सत्यापन की प्रक्रिया 3 से 9 सितंबर तक पूरी की जाएगी।

विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध संस्था द्वारा परिणाम अपडेट करने की प्रक्रिया 3 से 10 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद एनआईसी द्वारा प्राप्त डाटा की जांच 11 से 15 सितंबर तक की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाली त्रुटियों को शिक्षण संस्थान 16 से 18 सितंबर तक दुरुस्त करेंगे।

अंतिम चरण में शिक्षण संस्थानों द्वारा अपात्र छात्रों के आवेदन निरस्त किए जाएंगे, जबकि पात्र छात्रों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित कर अग्रसारित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया 17 से 19 सितंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

प्रशासन ने संबंधित शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए लंबित प्रक्रियाओं को समय से पूरा करने को कहा है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिल सके।


रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ