महिला एवं बाल सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, कुशीनगर के तत्वावधान में कंपोजिट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोड़रिया, दुदही में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता जिला मिशन समन्वयक नलिन सिंह ने की।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक नलिन सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, आयुष्मान कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन समेत अन्य योजनाएं शामिल रहीं।
उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, महिला हेल्पलाइन 1090, 112, 108 और 102 समेत विभिन्न सहायता नंबरों की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनके उपयोग की प्रक्रिया भी बताई।
जेंडर विशेषज्ञ प्रीती सिंह ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह और दहेज प्रथा के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभागीय योजनाओं और सहायता नंबरों से संबंधित पर्चे वितरित किए गए। पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ लेने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैमुद्दीन अंसारी, सहायक अध्यापक सुनील कुमार मौर्य, अवनीश कुमार, बबलू कुमार, शिक्षामित्र संपोष कुमार कुशवाहा और मीना पाण्डेय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को बाल विवाह न करने तथा इसके खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
रिपोर्टर:ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR