जगदेव प्रसाद की शहादत सामाजिक न्याय की लड़ाई की प्रेरणा
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज-देवरिया। जननायक अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा का शहादत दिवस शनिवार को हरनाडीह स्थित अंबेडकर पार्क में श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, राजनीतिक भागीदारी तथा शोषित-वंचित समाज के अधिकारों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित लोगों ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि बाबू जगदेव प्रसाद सामाजिक गैर-बराबरी और शोषण के खिलाफ संघर्ष के प्रतीक थे। उनके विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय के सवालों से जोड़ने की जरूरत है।
समता मूलक समाज विचार मंच के अध्यक्ष श्रवण कुमार पटेल ने कहा कि जगदेव बाबू का जीवन वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय महिला बहुजन संगठन के संस्थापक सुरेन्द्र बौद्ध ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन में महिलाओं की समान भागीदारी के बिना समतामूलक समाज का निर्माण संभव नहीं है।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी देवरिया के जिला सचिव अरविन्द कुशवाहा ने कहा कि जगदेव बाबू का संघर्ष सामाजिक और आर्थिक शोषण के खिलाफ था। आज उनके विचारों को जनहित के संघर्षों से जोड़ने की जरूरत है। जिला पंचायत सदस्य रामनिवास पासवान ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
सुभावती बौद्ध ने महिलाओं और वंचित समुदायों की समान भागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम को अभय कुमार, संध्या बौद्ध, तुलसी, ममता, कलेक्टर शर्मा, शेषमणि कुशवाहा, राजाराम कुशवाहा, विजय कुशवाहा, सुदामा जी और आजाद अंसारी सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सामाजिक समानता, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्टर: पवन पांडेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR