पांच तहसीलों में छात्रवृत्ति कैंप, 146 समस्याओं का मौके पर निस्तारण 428 छात्र-छात्राएं पहुंचे, शेष मामलों में कार्रवाई के निर्देश

पांच तहसीलों में छात्रवृत्ति कैंप, 146 समस्याओं का मौके पर निस्तारण

428 छात्र-छात्राएं पहुंचे, शेष मामलों में कार्रवाई के निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। छात्रवृत्ति आवेदनों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुक्रवार को जिले की पांचों तहसीलों में एक साथ छात्रवृत्ति कैंप लगाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर आयोजित कैंप में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संबंधित छात्रवृत्ति आवेदनों की समस्याओं का समाधान किया गया। कैंप में कुल 428 छात्र-छात्राएं पहुंचे, जिनमें से 146 की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

कैंप संबंधित विकासखंडों के नामित नोडल खंड विकास अधिकारियों की अध्यक्षता में आयोजित हुए। शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, तहसील के लेखपाल, कंप्यूटर ऑपरेटर और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। छात्र-छात्राओं की समस्याएं सुनने के बाद जहां संभव हुआ, उनका तत्काल समाधान कराया गया।


भाटपाररानी तहसील के बाबा आरएसडी इंटर कॉलेज में आयोजित कैंप में 70 छात्र-छात्राएं पहुंचे, जिनमें 18 की समस्याओं का मौके पर निस्तारण हुआ। रुद्रपुर तहसील के बीबी राव इंटर कॉलेज में 53 छात्र-छात्राओं में से 15 की समस्याओं का समाधान किया गया।

बरहज तहसील के बाबा गयादास इंटर कॉलेज में 75 छात्र-छात्राएं पहुंचे, जिनमें 25 की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। सलेमपुर तहसील के भारत भारती श्री जमुना जगन्नाथ इंटर कॉलेज में 90 छात्र-छात्राएं पहुंचे, जिनमें 35 की समस्याओं का समाधान हुआ। इसके अलावा नवीनीकरण के 20 छात्र-छात्राओं का डाटा भी अग्रसारित कराया गया।

देवरिया सदर तहसील के इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज में सबसे अधिक 140 छात्र-छात्राएं पहुंचे। इनमें 53 की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। जिन छात्रों के आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र नहीं बन पाए थे, उनकी सूची संबंधित लेखपालों को उपलब्ध कराई गई। लेखपालों को सूची में दर्ज मोबाइल नंबरों के माध्यम से छात्रों से संपर्क कर आवश्यक प्रमाण-पत्र बनवाने के निर्देश दिए गए।


कैंप के दौरान कक्षा 10 और 12 के नवीनीकरण से संबंधित लंबित छात्र-छात्राओं का डाटा भी शिक्षण संस्थानों के लॉगिन से अग्रसारित कराया गया। संस्थानों को पिछले वर्ष की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में कम से कम 20 प्रतिशत अधिक छात्रवृत्ति आवेदन कराने के निर्देश दिए गए।

छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति की धनराशि प्राप्त करने के लिए बैंक खाते को एनपीसीआई से जोड़ने और खाते को अद्यतन रखने की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 282 छात्र-छात्राओं की शेष समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ