बीएसए ने गौरी बाजार के कई विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने शुक्रवार को विकासखंड गौरी बाजार के विभिन्न प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, डिजिटल उपस्थिति, ऑपरेशन कायाकल्प और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी गौरी बाजार विनय शील मिश्र एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के महेंद्र मिश्र भी मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय भटौली बुजुर्ग में 113 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 74 बच्चे उपस्थित मिले। विद्यालय के सभी चार शिक्षक और दो शिक्षामित्र समय से उपस्थित होकर पठन-पाठन में जुटे मिले। कक्षा सात की छात्रा पायल ने कविता प्रस्तुत की, जिसकी बीएसए ने सराहना की। बच्चों का अधिगम स्तर अच्छा पाया गया। कक्षाएं समय-सारणी, शिक्षक संदर्शिका और शिक्षक डायरी के अनुसार संचालित मिलीं। स्मार्ट कक्षा और शिक्षण अधिगम सामग्री का भी प्रभावी उपयोग पाया गया।
विद्यालय में कायाकल्प के तहत कक्षाओं में टाइल्स, रंगाई-पुताई, पेयजल, हाथ धोने की व्यवस्था, विद्युत उपकरण, ब्लैक बोर्ड, रसोईघर और छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था मिली। परिसर जलभराव से मुक्त था। सभी बच्चे निर्धारित यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और पाठ्य-पुस्तकों के साथ उपस्थित मिले।
उच्च प्राथमिक विद्यालय कलवन में 148 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 126 बच्चे उपस्थित मिले। शिक्षकों द्वारा बच्चों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। विद्यालय में कैच-अप अभियान, पठन संस्कृति और निपुण तालिका व्यवस्थित मिली। मध्याह्न भोजन में तहरी बनी हुई थी। बिना यूनिफॉर्म आए बच्चों के संबंध में प्रधानाध्यापक को अभिभावक बैठक आयोजित कर अभिभावकों को बच्चों के लिए निर्धारित पोशाक उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
प्राथमिक विद्यालय बेलही में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत निर्धारित सभी बुनियादी विकास कार्य पूर्ण पाए गए।
कंपोजिट विद्यालय पोखारभिंडा में 140 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 101 बच्चे उपस्थित मिले। विद्यालय में आठ शिक्षक और एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं, जिनमें से दो शिक्षिकाएं बाल देखभाल अवकाश पर थीं। शेष सभी शिक्षक कक्षाओं में शिक्षण कार्य करते मिले। समय-सारणी के अनुसार कक्षाएं संचालित मिलीं और बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। सभी कक्षों में टाइल्स का कार्य पूर्ण मिला। प्रधानाध्यापक को विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, डिजिटल उपस्थिति और स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR