बनारस कोचिंग डिपो में सुरक्षा उपकरणों की जांच,

बनारस कोचिंग डिपो में सुरक्षा उपकरणों की जांच, डीआरएम ने दिए नियमित निगरानी के निर्देश

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, फायर सेफ्टी और ब्रेकिंग सिस्टम में लापरवाही पर सख्त हिदायत

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन ने मंगलवार 1 सितंबर 2026 को वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सीएंडडब्ल्यू) अभिषेक राय के साथ बनारस कोचिंग डिपो का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अनुरक्षित हो रहे रेल कोचों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न उपकरणों की कार्यशीलता जांची और अधिकारियों को सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने कोचों में लगे फायर स्मोक एवं डिटेक्शन सिस्टम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने धुआं या आग लगने की स्थिति में सिस्टम से मिलने वाले अलर्ट, बैटरी बैकअप, अलर्ट के बाद ब्रेक लगने, सिस्टम को रीसेट करने और आवश्यकता पड़ने पर उसे बंद करने की प्रक्रिया की जांच की। आग लगने की आपात स्थिति में कोच अटेंडेंट द्वारा बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी ली।


इसके अलावा कोचों में लगे एयर स्प्रिंग, एफआईबीए और ब्रेक एक्सीलेटर की कार्यशीलता भी जांची गई। उपकरणों में खराबी आने की स्थिति में उन्हें अलग करने की प्रक्रिया तथा संबंधित वाल्व और कॉक की स्थिति का परीक्षण किया गया। आपात स्थिति में यात्रियों द्वारा अलार्म चेन खींचे जाने पर उसे नियंत्रित करने की व्यवस्था की भी जांच की गई।

सुरक्षा उपकरणों की स्पष्ट पहचान के निर्देश

मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देश दिया कि कोचों में लगे सभी महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरणों और उनके आइसोलेटिंग कॉक की स्पष्ट एवं स्थायी पहचान सुनिश्चित की जाए। संबंधित कॉक के सामने कोच पर स्पष्ट स्टेंसिलिंग कराने को कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कर्मचारी उपकरणों की तुरंत पहचान कर आवश्यक कार्रवाई कर सकें।

उन्होंने अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को सभी सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच करने तथा निरीक्षण में सामने आने वाली कमियों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए फायर सेफ्टी, ब्रेकिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

साफ-सफाई पर भी विशेष जोर

डीआरएम ने कोचिंग डिपो में साफ-सफाई और स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं में कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सीएंडडब्ल्यू) अभिषेक राय, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव सहित संबंधित वरिष्ठ पर्यवेक्षक मौजूद रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ