पिपराईच में पुलिस मुठभेड़, चोर के पैर में लगी गोली; गिरफ्तार

पिपराईच में पुलिस मुठभेड़, चोर के पैर में लगी गोली; गिरफ्तार

चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल; साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

गोरखपुर। पिपराईच थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी को जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है। वहीं आरोपी का एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार 1 सितंबर की रात करीब 2:20 बजे थानाध्यक्ष पिपराईच अनूप सिंह पुलिस टीम के साथ जंगल धूषण के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एंटी थेफ्ट सेल के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों टीमें चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्धों की तलाश कर रही थीं।

इसी दौरान पादरी बाजार की ओर से दोपहिया वाहन पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस के मुताबिक उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से कांस्टेबल हनुमान यादव घायल हो गए।


इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें आरोपी मुमताज अहमद उर्फ राजू के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसका दूसरा साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुमताज अहमद उर्फ राजू पुत्र शफीक अहमद, निवासी निजामपुर चौराहा, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के दो सफेद धातु के सिक्के, 2,200 रुपये नकद, दो दोपहिया वाहन, एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराईच ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया गया। घायल कांस्टेबल का भी उपचार कराया गया।

तीन चोरी के मुकदमों में वांछित था आरोपी

पुलिस के मुताबिक मुमताज अहमद उर्फ राजू के खिलाफ पिपराईच थाने में चोरी से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 330/2026, 268/2026 और 236/2026 शामिल हैं। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत कार्रवाई की गई थी। बरामद सामान के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, मादक पदार्थ और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। पिपराईच थाने में उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम से संबंधित मुकदमा अपराध संख्या 482/2026 भी दर्ज है। इसके अलावा रामगढ़ताल, शाहपुर, गुलरिहा, कैंट और खजनी थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस ने बरामद वाहनों और सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में एंटी थेफ्ट सेल के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, थानाध्यक्ष पिपराईच अनूप सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल अनुज सिंह, सुनील यादव, मोहित सिंह, हनुमान यादव तथा एंटी थेफ्ट सेल के हेड कांस्टेबल मो. मोहसिन खान, धर्मेंद्र नाथ तिवारी और नितेश बहादुर सिंह शामिल रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ