मोबाइल महंगा, रिचार्ज महंगा—फिर भी नेटवर्क बेदम!
गांव-गांव छतरियां लगाकर सिम बेचने का खेल, बेहतर नेटवर्क के दावा हवा-हवाई सरकारी निगरानी पर उठे सवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। मोबाइल फोन की कीमतों के साथ रिचार्ज प्लान भी लगातार महंगे हो रहे हैं। बाजार में विभिन्न कंपनियों के आकर्षक सिम और रिचार्ज ऑफर उपलब्ध हैं। कंपनियां बेहतर नेटवर्क, सस्ती दरों और कई तरह की सुविधाओं का दावा करती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में अनेक उपभोक्ता आज भी बेहतर नेटवर्क के लिए परेशान हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक है। गांवों और चौराहों पर अस्थायी काउंटर अथवा छतरियां लगाकर सिम बेचने वाले उपभोक्ताओं को तरह-तरह के ऑफर बताकर नए सिम लेने के लिए आकर्षित कर रहे हैं। बेहतर सुविधा की उम्मीद में कई उपभोक्ता बार-बार सिम बदल रहे हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर नेटवर्क की समस्या सामने आ जाती है।
उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब रिचार्ज लगातार महंगे हो रहे हैं और कंपनियां नए-नए ऑफर दे रही हैं, तो नेटवर्क की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं हो रहा है? ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर नेटवर्क, कॉल ड्रॉप और धीमे इंटरनेट की समस्या आज भी बनी हुई है।
जानकारों का कहना है कि कंपनियों को केवल आकर्षक ऑफर के जरिए सिम बदलने के लिए प्रेरित करने के बजाय नेटवर्क की गुणवत्ता और सेवा की विश्वसनीयता पर ध्यान देना चाहिए। वहीं उपभोक्ताओं को भी किसी ऑफर के झांसे में आने से पहले नेटवर्क कवरेज और नियम-शर्तों की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
प्रचार, ऑफरों और नेटवर्क संबंधी दावों की प्रभावी निगरानी नहीं हुई तो आने वाले समय में उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ सकती है।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR