स्कूली वाहनों पर चला यातायात पुलिस का सख्त अभियान, नियम तोड़ने वालों पर ₹15 हजार का जुर्माना
बसों की फिटनेस, सीसीटीवी, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशामक यंत्र की हुई जांच, छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने की दी गई हिदायत
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज।
सड़क सुरक्षा को लेकर महराजगंज पुलिस ने सोमवार को विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाते हुए स्कूली वाहनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान बसों की फिटनेस, बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी विंडो) तथा फर्स्ट एड बॉक्स सहित सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का निरीक्षण किया गया।नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सात वाहनों का चालान किया गया तथा कुल ₹15 हजार का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में प्रभारी यातायात ने अपनी टीम के साथ नगर क्षेत्र में यह अभियान चलाया। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था।जांच के दौरान स्कूल बस संचालकों एवं चालकों को निर्देश दिए गए कि सभी बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात पुलिस ने बाइक से स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट के वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR