राइस मिल से कॉपर तार चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, 600 ग्राम तार बरामद

राइस मिल से कॉपर तार चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार, 600 ग्राम तार बरामद

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत सिंदुरिया थाना पुलिस ने राइस मिल से कॉपर तार चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 600 ग्राम कॉपर तार बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, कंचनपुर चौराहा स्थित वैभव लक्ष्मी सारटेक्स राइस मिल प्रा. लि. के प्रतिनिधि अशोक कुमार सुल्तानिया ने थाना सिंदुरिया में तहरीर देकर बताया कि मिल में निर्माणाधीन गोदाम में विद्युत कार्य कर रहा इंशान अली (22), निवासी अमसहा, थाना घुघली, 3 जुलाई को लगभग 600 ग्राम कॉपर तार चोरी कर ले जा रहा था। संदेह होने पर मिल के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि अभियुक्त पिछले कई दिनों से मिल से छोटे-मोटे सामानों की चोरी करता आ रहा था।

तहरीर के आधार पर थाना सिंदुरिया में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया 600 ग्राम कॉपर तार बरामद कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामानुज सिंह यादव एवं कांस्टेबल बृजेश यादव शामिल रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ