महराजगंज: नेपाल की महिला कलाकार ने पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया

महराजगंज: नेपाल की महिला कलाकार ने पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया, चौक पुलिस की तत्परता से बची जान
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नेपाल की एक महिला आर्केस्ट्रा कलाकार ने कथित रूप से नशे की हालत में आम के पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और सूझबूझ व धैर्य का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना बजाज एजेंसी के पास की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी मनीष पटेल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बिना जल्दबाजी किए महिला से लगातार बातचीत की और उसे शांत करने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला काफी देर तक पेड़ पर बैठी रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही। इस दौरान पुलिसकर्मी धैर्यपूर्वक उसे समझाते रहे और आत्मघाती कदम न उठाने के लिए प्रेरित करते रहे।
काफी देर तक चली समझाइश के बाद महिला शांत हुई। इसके बाद पुलिस ने सावधानीपूर्वक उसे सुरक्षित पेड़ से नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता, धैर्य और संवेदनशीलता के चलते महिला की जान बच गई और एक संभावित हादसा टल गया।
महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए आगे की विधिक एवं आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।



रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ