मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 9-10 जुलाई को जिलेभर में गूंजेंगी शहनाइयां
डीएम ने जारी किया विस्तृत आदेश, विधानसभावार कार्यक्रम स्थल तय, सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 9 एवं 10 जुलाई को महराजगंज जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने विस्तृत आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की तैनाती के साथ कार्यक्रम स्थलों का भी निर्धारण कर दिया गया है।जारी आदेश के अनुसार 9 जुलाई को सिसवा विधानसभा क्षेत्र का सामूहिक विवाह समारोह बापू शताब्दी इंटर कॉलेज, जहदा (निचलौल) में आयोजित होगा। वहीं 10 जुलाई को सदर एवं पनियरा विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम नवीन मंडी स्थल, निचलौल रोड, महराजगंज में तथा फरेंदा विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम खेलो इंडिया स्टेडियम, गनेशपुर, फरेंदा (जयपुरिया इंटर कॉलेज के समीप) में आयोजित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। विवाह स्थलों पर साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, मंच व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल, भोजन, बैठने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।आदेश के अनुसार पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को भोजन की गुणवत्ता की जांच करने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित होने वाले समारोह गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR