महराजगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, मसालों के नमूने लिए, 178 किलो जीरा सीज
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देश पर, प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के नेतृत्व में जिले में मसालों की गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर नमूने संग्रहित किए और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की।अभियान के दौरान महराजगंज स्थित रामसनेही जनरल स्टोर से सुभाष ब्रांड हल्दी पाउडर का नमूना लिया गया। वहीं, निचलौल के ठूठीबारी रोड स्थित अनिल ट्रेडर्स से कैच ब्रांड धनिया पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा ठूठीबारी स्थित सत्यम जनरल स्टोर से बावर्ची ब्रांड धनिया पाउडर तथा साबुत जीरा के नमूने जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण के दौरान बावर्ची ब्रांड साबुत जीरा के पैकेट पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक विवरण अंकित नहीं पाया गया। इस पर विभाग ने 178 किलोग्राम साबुत जीरा, जिसकी अनुमानित कीमत 35,600 रुपये है, को सीज कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह एवं पवन गौड़ शामिल रहे।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR