भिस्वा उर्फ कोटिया में फिर दिखा तेंदुआ, चार दिन पहले बकरी को बनाया था शिकार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
घुघली, महराजगंज। घुघली विकास खंड के भिस्वा उर्फ कोटिया गांव में मंगलवार को धनंजय यादव के मुर्गी फार्म के समीप स्थित घने बागीचे में एक बार फिर तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीण धनंजय यादव ने बताया कि पिछले करीब ढाई वर्षों से क्षेत्र में समय-समय पर तेंदुए की मौजूदगी देखी जा रही है। वन विभाग कई बार पिंजरा और जाल लगा चुका है, लेकिन तेंदुआ अब तक पकड़ में नहीं आया। उन्होंने बताया कि चार-पांच दिन पहले तेंदुए ने गांव निवासी हरिहर भारती की एक बकरी को अपना शिकार बना लिया था। इससे पहले भी वह कई पालतू जानवरों पर हमला कर चुका है।
फॉरेस्टर गौरव तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी क्षेत्र में पिंजरा और जाल लगाया गया था तथा तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे शाम और रात के समय अकेले खेतों या बागीचों में न जाएं, बच्चों पर विशेष निगरानी रखें तथा तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है।
रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR