निर्माण कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो ठेकेदारों पर एफआईआर के निर्देश

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो ठेकेदारों पर एफआईआर के निर्देश
तीन अधिकारियों का एक- एक दिन का रोका वेतन
सीएमआईएस निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा में गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो 

देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में  सीएमआईएस से संबंधित निर्माण कार्य परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सभी विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों को पूरी तत्परता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए।

          इस दौरान उन्होंने जीएसटी कार्यालय के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए उसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यदायी संस्था को सचेत करते हुए कहा कि यदि कार्य में शिथिलता पाई गई और समय पर कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
           जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता नलकूप, अधिशासी अभियंता जल निगम (नगरीय) तथा जिला पर्यटन अधिकारी का एक-एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं निर्माण कार्यों में शिथिलता बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध भी सख्त रुख अपनाते हुए परासी-चकलाल मार्ग के निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार जल निगम विभाग द्वारा भुजौली कॉलोनी में संचालित निर्माणाधीन परियोजना में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध भी एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
           जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज की निर्माणाधीन परियोजनाओं को भी तेजी से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि ट्रॉमा सेंटर को शीघ्र हैंडओवर  किया जाए तथा उसमें आवश्यक सभी संसाधन प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जाएं।
            जिलाधिकारी ने बैठक में सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को सचेत किया कि किसी भी स्तर पर कार्य में शिथिलता अथवा गुणवत्ता से समझौता न हो, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
          बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डॉ. एच.के. मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ