वन महोत्सव पर डीएम ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बाणी नदी तट स्थित पंचवटी परिसर में पौधे लगाए, हर नागरिक से एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का लिया संकल्प
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
पडरौना, कुशीनगर। वन महोत्सव के अवसर पर वन विभाग एवं विवेकानंद युवा कल्याण केंद्र, पडरौना के संयुक्त तत्वावधान में बाणी नदी तट स्थित जंगल बेलवा के विवेकानंद अरण्य बिहार एवं ध्यान केंद्र (पंचवटी) परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। वृक्ष, नदियां और पशु-पक्षी हमारी सांस्कृतिक धरोहर के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन, स्वास्थ्य, ज्ञान और लोककल्याण के प्रतीक हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन के प्रत्येक विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि जल संरक्षण भी पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार है। जल की प्रत्येक बूंद को बचाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बारे में सरल और व्यवहारिक जानकारी देते हुए इसके सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद युवा कल्याण केंद्र के सचिव एवं आयोजक डॉ. सी. बी. सिंह ने किया। उन्होंने विवेकानंद अरण्य बिहार एवं ध्यान केंद्र की स्थापना और उसके उद्देश्यों की जानकारी दी। हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज, पडरौना के प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर हनुमान विद्यालय के प्रबंधक मनोज सारस्वत, वन विभाग के अधिकारी, समाजसेवी डॉ. कुर्बान अंसारी, विवेकानंद विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR