जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
महराजगंज। घुघली विकास खंड के रामपुर बलडीहा टोला बेलवा में ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगभग दो वर्ष पूर्व नाली निर्माण के दौरान सड़क को खोद दिया गया था, लेकिन उसके बाद आज तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत अत्यंत खराब हो चुकी है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में अशोक यादव, इरशाद, छेदी, ब्रह्मानंद यादव, रूदल यादव, रामकिशुन, वाजिद खुडुकुड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी राहुल सागर ने बताया कि यदि सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन है तो संबंधित विभाग को पत्र भेजा जाएगा। वहीं यदि सड़क ग्राम पंचायत के अंतर्गत आती है तो शीघ्र ही स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराया जाएगा।
रिपोर्टर: ब्यूरो

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR