पीडब्ल्यूडी के आश्वासन पर कांग्रेस ने वापस लिया श्रमदान, सोनूघाट-बारीपुर मार्ग की मरम्मत शुरू

पीडब्ल्यूडी के आश्वासन पर कांग्रेस ने वापस लिया श्रमदान, सोनूघाट-बारीपुर मार्ग की मरम्मत शुरू

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

बरहज, देवरिया। बरहज क्षेत्र के बारीपुर हनुमान मंदिर से सोनूघाट तक जर्जर सड़क के गड्ढों की मरम्मत का कार्य शनिवार से शुरू हो गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अवर अभियंता द्वारा दो दिनों के भीतर सड़क के गड्ढे भरने का आश्वासन दिए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित श्रमदान कार्यक्रम स्थगित कर दिया।


कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में शनिवार को सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग फावड़ा व खांची लेकर बारीपुर हनुमान मंदिर के पास एकत्र हुए थे। कांग्रेस ने पूर्व में घोषणा की थी कि यदि प्रशासन सड़क की मरम्मत नहीं कराएगा तो कार्यकर्ता स्वयं श्रमदान कर सड़क के गड्ढे भरेंगे।

रवि प्रताप सिंह ने बताया कि 16 जुलाई को उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को भी सूचना दी थी, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क की मरम्मत श्रमदान से करने का निर्णय लिया था।


सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अखिलेश राम अपने ठेकेदार के साथ बारीपुर हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को दो दिनों के भीतर सड़क के सभी गड्ढे भरने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से शनिवार को सड़क की मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया गया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन भी किया। कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह ने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क की मरम्मत पूरी नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय जनता स्वयं श्रमदान कर सड़क को दुरुस्त करने का कार्य करेंगे।

इस मौके पर उदय शंकर सिंह, बृजेश सिंह, उत्तम सिंह, रामसनेही, सूर्य प्रताप सिंह, दिवाकर पाण्डेय, राजेश पाण्डेय, अनिरुद्ध तिवारी, मनोज सिंह, सोनू पाठक, सागर कुशवाहा, मनीष गोंड़, इंद्रजीत सिंह, सुधाकर पाण्डेय, छठ्ठू पाठक, काशी यादव, राम सागर मौर्य, उपेंद्र गुप्ता, दिवाकर गुप्ता, मुबारक अली, मन्नी गौड़ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ