स्टेयरिंग फेल होते ही गैस सिलिंडरों से लदी पिकअप गड्ढे में पलटी, टला बड़ा हादसा

स्टेयरिंग फेल होते ही गैस सिलिंडरों से लदी पिकअप गड्ढे में पलटी, टला बड़ा हादसा

64 रसोई गैस सिलिंडर लेकर जा रही पिकअप हुई अनियंत्रित, चालक सुरक्षित; समय रहते हटाया गया वाहन

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। जिले के परतावल-पनियरा मार्ग पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब रसोई गैस सिलिंडरों से लदी एक पिकअप का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। पिकअप में करीब 64 घरेलू गैस सिलिंडर लदे होने के कारण आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, राज गैस सर्विस की पिकअप शनिवार सुबह करीब 11 बजे विभिन्न गांवों में घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए निकली थी। वाहन जब मलमलिया उर्फ सिरसिया गांव के समीप पहुंचा, तभी अचानक उसका स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक मुकेश ने वाहन को नियंत्रित करने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गैस सिलिंडरों से लदी पिकअप पलटने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि किसी भी सिलिंडर से गैस रिसाव या विस्फोट जैसी कोई घटना नहीं हुई, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही गैस एजेंसी संचालक ने दूसरी पिकअप और कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने सावधानीपूर्वक सभी गैस सिलिंडरों को दूसरे वाहन में स्थानांतरित किया और निर्धारित गांवों में आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की।

बताया गया कि ये सिलिंडर मलमलिया उर्फ सिरसिया, हरपुर तिवारी, तरकुलवा उर्फ भटगांवा, जरलहिया, लक्ष्मीपुर, अनहया और महदेवा सहित आसपास के गांवों के उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाने थे। घटना में चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ