24वें दिन भी जारी किसानों का महाधरना, न्याय नहीं मिलने पर बढ़ा आक्रोश

24वें दिन भी जारी किसानों का महाधरना, न्याय नहीं मिलने पर बढ़ा आक्रोश

37 पट्टाधारकों को जमीन दिलाने की मांग, जांच के नाम पर वर्षों से लंबित है मामला; भाकियू ने प्रशासन पर लगाया उदासीनता का आरोप

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

महराजगंज। पनियरा क्षेत्र के ग्राम सभा तेंदूअहिया में अपनी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले किसानों का धरना शनिवार को 24वें दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष राम अशीष के नेतृत्व में किसान धरना स्थल पर डटे हुए हैं और प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राम अशीष ने कहा कि 24 दिन बीत जाने के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की उदासीनता के कारण किसानों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 और 1996 में ग्राम तेंदूअहिया की परती भूमि का कृषि पट्टा लगभग 37 किसानों को आवंटित किया गया था। किसानों का आरोप है कि कुछ लोगों ने फर्जी अभिलेखों, पावर ऑफ अटॉर्नी तथा अन्य दस्तावेजों के माध्यम से उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया। इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

किसानों का कहना है कि वर्षों से मामले को जांच के नाम पर लंबित रखा गया है, जबकि निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए वास्तविक पट्टाधारकों को उनकी जमीन का कब्जा दिलाया जाना चाहिए।

भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

धरने में गोरखपुर मंडल अध्यक्ष सतीश चंद्र ओझा, हरिश्चंद्र पांडेय, जगदीश निषाद, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ