आकांक्षी ब्लॉकों के अधिकारियों को व्यवहार परिवर्तन का प्रशिक्षण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के चयनित आकांक्षी ब्लॉकों के अधिकारियों के लिए व्यवहार परिवर्तन एवं जनजागरूकता विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उन्हें जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए आवश्यक रणनीति से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे गांवों और स्थानीय समुदायों के बीच जाकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दें तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। साथ ही, व्यवहार परिवर्तन के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान और जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में जनपद के चयनित आकांक्षी ब्लॉक गौरीबाजार, लार, बरहज, भागलपुर एवं बनकटा में निर्धारित विकास मानकों की संतृप्ति, जनजागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न भ्रांतियों को दूर करने के प्रभावी उपायों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण स्वाति एवं अंशिका पांडेय द्वारा प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने नोडल अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने कार्य व्यवहार में लागू करें तथा आमजन को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर आकांक्षी ब्लॉकों के नामित नोडल अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर



0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR