सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग पर सख्त हुए सीडीओ, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग पर सख्त हुए सीडीओ, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून 2026 की रैंकिंग में जनपद देवरिया के प्रदेश में 42वें स्थान पर पहुंचने के बाद मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सात अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति का महत्वपूर्ण सूचक है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विभागों का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर पर नहीं है, वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं।

समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना में खराब प्रदर्शन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आईसीडीएस पोषण अभियान की कमजोर प्रगति पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में खराब प्रदर्शन पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, सेतु निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर उप परियोजना प्रबंधक (सेतु निगम), नई सड़कों के निर्माण में खराब प्रदर्शन पर अधीक्षण अभियंता (लोक निर्माण विभाग), राज्य योजना के कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर पर्यटन सूचना अधिकारी तथा पांचवें राज्य वित्त आयोग से संबंधित कार्यों में खराब प्रदर्शन पर जिला पंचायत राज अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं का समय-समय पर सत्यापन करते रहें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति के साथ पोर्टल पर सही एवं समयबद्ध आंकड़ों की फीडिंग सुनिश्चित करना भी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि आगामी माह की मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में जनपद देवरिया की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हो सके।

बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ