मेटा के अलर्ट पर महराजगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, युवक की जान बची
यूपी-टीईटी परीक्षा के परिणाम को लेकर मानसिक तनाव में था युवक
थाना सिन्दुरिया पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने ₹25 हजार के नगद पुरस्कार से किया सम्मानित
युवक की पोस्ट किसी व्यक्ति को टैग नहीं की गई थी, लेकिन मेटा द्वारा जारी आत्महत्या संबंधी अलर्ट उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी कंट्रोल रूम की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम तक पहुंच गया। डीजीपी कंट्रोल रूम ने तत्काल इसकी सूचना महराजगंज पुलिस की सोशल मीडिया सेल को उपलब्ध कराई।
सोशल मीडिया सेल ने बिना विलंब युवक की संभावित लोकेशन का पता लगाकर थाना सिन्दुरिया पुलिस को अलर्ट किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सिन्दुरिया विशाल कुमार शुक्ला, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह, चौकी प्रभारी चिऊटहां मनोज कुमार यादव, कांस्टेबल रामजनम यादव तथा रिक्रूट कांस्टेबल सौरभ दुबे मात्र पांच मिनट के भीतर युवक के घर पहुंच गए।
मौके पर युवक आत्महत्या का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसे सुरक्षित बचाया और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। पुलिस की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई से एक अनमोल जीवन बचाया जा सका।
युवक के परिजनों ने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं महराजगंज पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस टीम की सराहना की। इस सराहनीय एवं जीवनरक्षक कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने थाना सिन्दुरिया की पूरी टीम को ₹25 हजार के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की। उन्होंने पुलिस टीम के त्वरित रिस्पॉन्स, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई ने एक परिवार को बड़ी त्रासदी से बचा लिया।
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मानसिक तनाव, अवसाद या आत्मघाती विचारों से जूझ रहा हो, तो उसे अकेला न छोड़ें। ऐसे मामलों में तत्काल परिजनों, पुलिस अथवा संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करें। समय पर दी गई एक सूचना किसी की जान बचा सकती है।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR