विद्युत कार्यालय में तालाबंदी और जनप्रतिनिधियों के बहिष्कार की चेतावनी

भारी बिजली कटौती से नाराज जनता व समाजसेवियों ने बैठक कर आंदोलन का किया ऐलान

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो

बरहज, देवरिया। लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से परेशान बरहज नगर की जनता का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। बिजली संकट के विरोध में नगरपालिका क्षेत्र के व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नगरवासियों की एक बैठक जायसवाल धर्मशाला के पास आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि सोमवार को तहसील दिवस के अवसर पर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि सात दिनों के भीतर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो क्रमिक अनशन, आमरण अनशन, विद्युत विभाग के कार्यालय पर तालाबंदी तथा जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रमों और चुनाव में उनके बहिष्कार जैसे कदम उठाए जाएंगे।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण बरहज की जनता लंबे समय से बिजली संकट झेल रही है। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा और नगरवासियों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।

बैठक को पूर्व चेयरमैन एवं संयोजक अजीत जायसवाल, पूर्व प्राचार्य प्रो. अजय कुमार मिश्र, सचिन सिंह, प्रदीप जायसवाल, प्रदीप गुप्ता, जितेंद्र भारत, अमित जायसवाल, जितेंद्र शर्मा, मनोज गुप्ता और मुकेश पटेल सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यानंद पांडेय ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी और नगरवासी उपस्थित रहे। नगरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ