बरहज बिजली संकट पर ऐतिहासिक बंद, जनआक्रोश चरम पर
तीन घंटे चली जनसभा में जनप्रतिनिधियों पर तीखे आरोप, पांच सूत्रीय मांगों पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज, देवरिया। बरहज नगर में लगातार हो रही बेतहाशा विद्युत कटौती और मूलभूत नागरिक सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन के सातवें दिन सोमवार को नगर पूरी तरह ठप रहा। व्यापारियों ने आंदोलन के समर्थन में स्वतःस्फूर्त ढंग से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। स्थिति यह रही कि चाय-पान तक की दुकानें बंद रहीं और लोगों को आवश्यक वस्तुओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ी। पूरे दिन बाजार में सन्नाटा पसरा रहा, जबकि अटल तिराहे पर स्थित अनशन स्थल जनआक्रोश का केंद्र बना रहा।
करीब तीन घंटे तक चली विशाल जनसभा में वक्ताओं ने बरहज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए लोकसभा, विधानसभा और नगरपालिका चुनाव लड़ चुके जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर तीखी टिप्पणी की। उनका कहना था कि वर्षों से नगरवासी बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि चुनाव के समय ही जनता के बीच दिखाई देते हैं। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जनता आगामी चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
सभा को पूर्व नगर अध्यक्ष अजीत जायसवाल, पूर्व प्राचार्य प्रो. अजय मिश्र, पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव, प्रदीप जायसवाल, जितेंद्र भारत, प्रिंस तिवारी, ओमकार मिश्र, प्रदीप गुप्ता, अरविंद तिवारी, मुरारी अग्रवाल तथा सावित्री राय सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
धरना स्थल पर पूरे समय सैकड़ों की संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। आंदोलनकारियों का दावा है कि बंद को प्रभावित करने के कुछ प्रयास जनता के व्यापक समर्थन के कारण सफल नहीं हो सके।
वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल बिजली आपूर्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि बरहज के सम्मान, अधिकार और विकास की लड़ाई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों की पांच प्रमुख मांगें
बरहज में हो रही बेतहाशा विद्युत कटौती तत्काल बंद की जाए।
गौरा जाने वाली सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए।
नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की तत्काल तैनाती की जाए।
मोहांव, पचोहा, गौरा और पटेल नगर में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
नगर की सभी बुनियादी नागरिक सुविधाओं में तत्काल सुधार किया जाए।
जनता का संदेश
जनसभा में वक्ताओं ने कहा, "अब केवल आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए। यदि बरहज की उपेक्षा जारी रही तो जनता आने वाले चुनाव में इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।"
इस अवसर पर उदय शंकर सिंह, बृजेश सिंह, उत्तम सिंह, रामसनेही, सूर्य प्रताप सिंह, दिवाकर पांडेय, राजेश पांडेय, अनिरुद्ध तिवारी, मनोज सिंह, सोनू पाठक, सागर कुशवाहा, मनीष गोंड़, इंद्रजीत सिंह, सुधाकर पांडेय, छठ्ठू पाठक, काशी यादव, रामसागर मौर्य, उपेंद्र गुप्ता, दिवाकर गुप्ता, मुबारक अली, मन्नी गौड़ सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर:पचन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR