टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। घुघली विकास खंड के बेलवा टिकर गांव में शनिवार को ग्रामीणों ने लगातार दूसरे दिन बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बीच घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।ग्रामीणों का आरोप है कि रोस्टिंग और फॉल्ट के नाम पर बिजली आपूर्ति घंटों तक ठप रहती है। इससे पेयजल व्यवस्था, घरेलू कार्यों और बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। दिन के साथ-साथ रात में भी बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करने तथा अनावश्यक बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि भीषण गर्मी के इस दौर में लगातार बिजली गुल रहने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
प्रदर्शन में रामनरेश जायसवाल, अर्जुन जायसवाल, ब्रह्मानंद, डीएम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में जानकारी लेने के लिए संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठ सका।
रिपोर्टर:रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR