25 जून से खुलेंगे परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालय, बीएसए ने जारी किए निर्देश

25 जून से खुलेंगे परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालय, बीएसए ने जारी किए निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर। जनपद के सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय 25 जून 2026 से पुनः संचालित होंगे। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुशीनगर ने ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के उपरांत विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन शुरू कराने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, 20 मई से 24 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश प्रभावी रहेगा। अवकाश समाप्त होने के बाद 25 जून से सभी विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य प्रारंभ होगा।

बीएसए ने विद्यालय खुलने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इसके अंतर्गत विद्यालय परिसर, रसोईघर एवं शौचालयों की साफ-सफाई, खेल सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करना, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण की तैयारी, विद्यालय शिक्षा समिति की बैठक आयोजित करना तथा पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश शामिल हैं।

जारी आदेश में कहा गया है कि 22, 23 एवं 24 जून को सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देंगे, ताकि विद्यालय खुलने के साथ ही अध्ययन-अध्यापन कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता से सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बीएसए ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निर्धारित शैक्षिक सत्र के अनुसार वर्ष में न्यूनतम 220 कार्य दिवसों तक पठन-पाठन सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया है।


रिपोर्टर:के एन राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ