सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में गिनाई गईं उपलब्धियां, लगे विभागीय स्टॉल

सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में गिनाई गईं उपलब्धियां, लगे विभागीय स्टॉल

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो 

कसया, कुशीनगर। तहसील परिसर में बुधवार को आयोजित "सरकार आपके द्वार" कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की सहभागिता रही। कार्यक्रम में सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कुशीनगर की अध्यक्ष किरण जायसवाल, नगर पंचायत फाजिलनगर की अध्यक्ष सुनीता शाही, विधायक प्रतिनिधि रूद्र प्रकाश तथा महेंद्र उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने किसान रजिस्ट्री, अंश निर्धारण, वरासत, कृषक दुर्घटना बीमा योजना तथा दैवीय आपदा राहत समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, उद्योग, पंचायती राज एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। राजस्व विभाग के स्टॉल पर किसान रजिस्ट्री, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, वरासत एवं अंश निर्धारण संबंधी कार्यों का निस्तारण किया गया।
पंचायती राज विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालयों के उपयोग तथा स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। जन्म-मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत बीज, कीटनाशकों एवं कृषि उपकरणों के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित देसी उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। सरसों का तेल, मोटे अनाज का आटा, पर्स सहित अन्य उत्पादों की बिक्री भी हुई। नगर पालिका अध्यक्ष किरण जायसवाल ने समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से आयोजित गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में अध्यक्ष किरण जायसवाल एवं सुनीता शाही ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके बाद तहसील परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उत्सव के रूप में पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर ट्री गार्ड सहित 25 पौधे लगाए गए।
इस मौके पर डीसी मनरेगा राकेश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंकित शुक्ला, अधिशासी अधिकारी फाजिलनगर अमित सिंह, आपूर्ति निरीक्षक विजय बहादुर, एडीओ पंचायत नीरज चतुर्वेदी, अनिरुद्ध सिंह, सीडीपीओ राकेश कुमार, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, राहुल खरवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सुबह चला विशेष स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम से पूर्व सुबह सपहा क्षेत्र के बेनुआपुर टोला मुसहर बस्ती में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष किरण जायसवाल, उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल, विधायक प्रतिनिधि रूद्र प्रकाश, अधिशासी अधिकारी अंकित शुक्ला, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, राहुल खरवार एवं सभासद सूर्यनाथ यादव सहित अन्य लोगों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।

रिपोर्टर: के एन राय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ